Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : शीतला धाम चौकिया में हवन कुंड का निर्माण कार्य 10 दिन से बंद, पंडा-पुजारियों और क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश

जौनपुर। जिले के प्रमुख आस्था केंद्र माता शीतला धाम चौकिया मंदिर परिसर में एक ओर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, वहीं दूसरी ओर पौराणिक हवन कुंड का कार्य पिछले करीब 10 दिनों से बंद होने से पंडा-पुजारियों और क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। नवरात्रि पर्व नजदीक होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

शीतला धाम चौकिया के महंत त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर परिसर में ठेकेदार द्वारा हाल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जबकि पुराना हवन कुंड का कार्य रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्य रुकने के दो दिन बाद से ही ठेकेदार से कई बार हवन कुंड का निर्माण दोबारा शुरू कराने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक किसी कारणवश काम शुरू नहीं हो सका है।

महंत के अनुसार करीब 15 दिन बाद नवरात्रि शुरू होने वाली है। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता शीतला धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं के लिए हवन धार्मिक अनुष्ठान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। मंदिर परिसर में वैकल्पिक हवन कुंड बनाया गया है, लेकिन उसका आकार छोटा होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का हवन कराना मुश्किल बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों और पंडा-पुजारियों ने मांग की है कि नवरात्रि शुरू होने से पहले पौराणिक हवन कुंड का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मांग करने वालों में सुमित कुमार त्रिपाठी, बंगाली गुरु, गुड्डू पंडित, काजू त्रिपाठी, कक्कू त्रिपाठी और नागेश सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad