Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : क्षेत्रीय बैंक प्रबंधक ने कार में गोली मारकर की आत्महत्या, कोहराम

जौनपुर। बदलापुर से जौनपुर जा रहे 35 वर्षीय क्षेत्रीय बैंक प्रबंधक ने गुरुवार की रात हाईवे के पास अपनी कार में कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बैंक प्रबंधक को पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कार से एक सुसाइड नोट भी बरामद होने की बात पुलिस ने बताई है।

पुलिस के अनुसार, दुर्गेश श्रीवास्तव (35) पुत्र अवधेश श्रीवास्तव मूल रूप से किरन इन्क्लेव, कुर्सी रोड, टेढ़ी पुलिया, थाना गुडंबा, जनपद लखनऊ के निवासी बताए गए हैं। वर्तमान में उनका पता वन विहार, जौनपुर बताया गया है। वह अपनी टाटा सिएरा कार संख्या UP32 SA 4239 से बदलापुर की ओर से जौनपुर जा रहे थे।

बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे थाना बक्सा क्षेत्र में हाईवे के पास उन्होंने कार में ही खुद को गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार अंदर से लॉक थी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। कार की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। सुसाइड नोट में क्या लिखा है और बैंक प्रबंधक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सुसाइड नोट की जांच कर रही है।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad