जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में विशाल यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के करीब 12 घंटे के अंदर दो नामजद वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नीरज यादव निवासी गहोरा और मनीष यादव निवासी चांदपुर, थाना लाइन बाजार के रूप में हुई है। दोनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार के.के. सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
बताया गया कि लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में शुक्रवार को पुरानी रंजिश को लेकर विशाल यादव पर हमला किया गया था। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड, हॉकी और लाठी-डंडों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल विशाल यादव की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसका भाई भी घायल हुआ था। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
मामले में थाना लाइन बाजार पर मु0अ0सं0 376/2026, धारा 103(1), 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नीरज यादव पुत्र महेन्द्र यादव, निवासी गहोरा और मनीष यादव पुत्र उदय प्रताप यादव उर्फ लल्लन, निवासी चांदपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। नीरज यादव के खिलाफ आयुध अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं मनीष यादव के खिलाफ भी मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश जारी
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह, निरीक्षक अपराध विजय शंकर यादव, हेड कांस्टेबल अमलेश सिंह, रिजर्व आरक्षी हरिकेश गौतम और रिजर्व आरक्षी रजनीश सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
