Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : मोदी के जन्मदिन पर कृपाशंकर सिंह ने 176 छात्राओं को बांटी साइकिल

महराजगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के केवटली स्थित सर जेपी महिला महाविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर संकल्प सेवा अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व गृह राज्यमंत्री, महाराष्ट्र कृपाशंकर सिंह की पहल पर 176 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 176 बालिकाओं को साइकिल का वितरण ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की भावना के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र की कोई भी बालिका पैदल स्कूल जाने के लिए मजबूर न हो और आर्थिक अथवा आवागमन की समस्या के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज और देश के विकास की आधारशिला है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनके समय की भी बचत होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी प्रतिष्ठा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश रक्षा, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

श्री सिंह ने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल सहित आधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण भारत में हो रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भी औद्योगिक और विकास गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व की पहचान केवल उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बावजूद कृपाशंकर सिंह लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसेवा के कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृपाशंकर सिंह ने जौनपुर से निकलकर मुंबई में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई तथा महाराष्ट्र सरकार में गृह राज्यमंत्री के पद तक पहुंचे। सीमा द्विवेदी ने भाजपा सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपने कार्यों के माध्यम से जनता के बीच जा रही है, जबकि विपक्षी दल सरकार के खिलाफ तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं।

बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा ने कहा कि सरकार बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर विभिन्न योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में कृपाशंकर सिंह द्वारा छात्राओं को साइकिल वितरित करने की पहल को उन्होंने जनसेवा का कार्य बताया। फत्तूपुर स्थित परमहंस आश्रम के लिए सरकार की ओर से कृपाशंकर सिंह की पहल पर ढाई करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

कार्यक्रम में बाबा परमहंस, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति, पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त गौरी शंकर सिंह,  राममोहन सिंह,सत्येंद्र सिंह फंटू, श्याम राज सिंह, राम लगन सिंह, विद्यालय प्रबंधक राजेश जे. सिंह, सिद्धार्थ सिंह, लवकुश सिंह, बलबीर गौड़, देवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad