जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी ने एक युवक पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने और घटना की जानकारी किसी को देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। किशोरी ने मामले में पुलिस अधीक्षक जौनपुर को प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कराने, मेडिकल परीक्षण कराने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, किशोरी कक्षा 10 की छात्रा है और प्रतिदिन साइकिल से कॉलेज पढ़ने जाती है। आरोप है कि 7 सितंबर को दोपहर करीब 1:15 बजे कॉलेज से घर लौटते समय सुनसान स्थान पर एक परिचित युवक मोटरसाइकिल से आया और उसे रोक लिया।
किशोरी का आरोप है कि युवक ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद युवक ने किसी को बताने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि किशोरी अपनी मां के साथ आरोपी के घर पहुंची और घटना के संबंध में पूछताछ की, जहां कथित तौर पर आरोपी और उसके परिजन ने गाली-गलौज तथा धमकी दी।
किशोरी ने आरोप लगाया है कि थाने पर शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उसने संबंधित थाना पुलिस को FIR दर्ज करने, मेडिकल परीक्षण कराने और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
