Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : केराकत में डेढ़ करोड़ की MDMA बरामद, चार गिरफ्तार

👉317 ग्राम तैयार और 660 ग्राम अर्धनिर्मित MDMA समेत निर्माण सामग्री जब्त

जौनपुर। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केराकत पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कथित रूप से अवैध MDMA बनाने और उसकी तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 317 ग्राम तैयार MDMA और 660 ग्राम अर्धनिर्मित MDMA बरामद हुई है। इसके अलावा MDMA निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, 9,500 रुपये नकद और एक चार पहिया वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ और निर्माण सामग्री की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय कुमार मौर्य, सुनील सोनकर, राहुल सोनकर और विश्वकर्मा कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि कार्रवाई से एक दिन पहले ग्रैंड वेलकम होटल में पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक छापेमारी की थी। होटल में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। अब MDMA बरामदगी की कार्रवाई को भी पुलिस की उसी जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा तैयार MDMA की सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जाती थी।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण और तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad