👉अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा, एसओजी और सर्विलांस टीम जांच में जुटी
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर रात 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुराचार का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ थाना पुलिस को लगाया गया है।
पीड़िता की मां के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे किशोरी ने पेट में दर्द होने की बात कही और घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित शौचालय चली गई। आरोप है कि शौचालय से बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और पास के मकई के खेत में खींच ले गए। वहां आरोपियों ने किशोरी की आंखों पर पट्टी बांधकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किया।
परिजनों के मुताबिक, किशोरी के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां की नींद खुल गई। मां जब मौके की ओर पहुंची तो आरोपी किशोरी को खेत से बाहर फेंककर फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों को तहरीर देने के लिए सरायख्वाजा थाने भेज दिया।
रात करीब तीन बजे परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन करने के साथ पीड़िता और उसके परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।
सीओ सदर के मुताबिक, घटना के पर्दाफाश के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। थाना पुलिस की दो टीमें भी आरोपियों की तलाश और घटना की जांच में जुटी हैं। वहीं, थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

