जौनपुर। सेंट पैट्रिक्स स्कूल के कक्षा नौ के छात्र जैन शाह पर बुधवार को परीक्षा देकर घर लौटते समय राजा साहब पोखरे के पास हमला किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र के पिता खालिद शाह ने आरोप लगाया है कि पुरानी कहासुनी की रंजिश में उसके सहपाठी अभिनेंद्र ने करीब 20-22 नकाबपोश युवकों के साथ मिलकर बेटे को रास्ते में घेर लिया और चाकू व पंच आदि से हमला कर दिया। हमले में सिर, गले समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आने से छात्र मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया गांव निवासी पिता खालिद शाह की ओर से कोतवाली (सदर) में दी गई तहरीर के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 11:15 बजे की है। जैन शाह परीक्षा समाप्त होने के बाद राजा साहब पोखरे के रास्ते पैदल घर लौट रहा था।आरोप है कि पोखरे के पास पहले से घात लगाए बैठे अभिनेंद्र और उसके साथियों ने उसे रोक लिया।इसके बाद नकाबपोश युवकों ने उसे घेरकर मारपीट शुरू कर दी।आरोप है कि हमलावरों ने चाकू और पंच से छात्र के सिर व गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर प्रहार किए।हमले के दौरान गंभीर चोट लगने से छात्र अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे अचेत अवस्था में पड़ा देखकर वहां से गुजर रहे एक रिक्शा चालक ने तत्काल उसे अटाला मस्जिद स्थित एक क्लिनिक पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन आगे उपचार के लिए उसे चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने में जुटे रहे।
पुरानी कहासुनी को बताया हमले की वजह
तहरीर में छात्र के पिता ने आरोप लगाया है कि स्कूल में हुई पुरानी कहासुनी को लेकर अभिनेंद्र उनके बेटे से रंजिश रखता था। इसी रंजिश में उसने अन्य बाहरी युवकों के साथ मिलकर हमला किया।पिता ने नामजद अभिनेंद्र के अलावा 20-22 अज्ञात नकाबपोश युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने छात्र का चिकित्सकीय परीक्षण कराया।चौकी प्रभारी सिपाह प्रभात त्रिपाठी ने घटना स्थल निरीक्षण कर मामले की जानकारी इकठ्ठा किया।
