जौनपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, लखनऊ के सभागार में शनिवार को सोसाइटी ऑफ एक्यूट केयर, ट्रॉमा एंड इमरजेंसी मेडिसिन (SACTEM) के तत्वावधान में चिकित्सा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जौनपुर के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं कृष्णा हार्ट केयर कैथ लैब के प्रधान निदेशक डॉ. हरेंद्र देव सिंह को चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं में उनके योगदान के लिए ‘एलीट ऑनर ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया।
सम्मान चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अमित घोष के करकमलों से प्रदान किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. सुब्रतो दास, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के अध्यक्ष डॉ. अभिजात सेठ तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की सचिव सुश्री पिंकी जोयल सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सम्मेलन में डॉ. हरेंद्र देव सिंह द्वारा लगभग 25 वर्षों से हृदय रोग एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में किए जा रहे कार्यों तथा हृदय रोग और जीवनशैली से संबंधित बीमारियों के प्रति जन-जागरूकता के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख किया गया। उनके पूर्व में प्राप्त ‘स्टेमी हीरो सम्मान’ का भी संदर्भ दिया गया।
कार्यक्रम में हृदयाघात, स्टेमी, कार्डियक अरेस्ट और अन्य आपातकालीन स्थितियों में समय पर उपचार के महत्व पर चिकित्सकों ने विचार-विमर्श किया। विशेष रूप से मरीज के उपचार में देरी को कम करने तथा स्वर्णिम समय-सीमा के भीतर आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
सम्मेलन में देश के विभिन्न स्थानों से आए हृदय रोग, गंभीर चिकित्सा एवं आपातकालीन चिकित्सा क्षेत्र के चिकित्सकों ने सहभागिता की।
