👉उत्तर प्रदेश में अब कोई भी सुरक्षित नहीं, हत्या और बलात्कार की घटनाओं पर अंकुश लगाने में योगी सरकार फेल : अजय राय
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव निवासी विशाल यादव की विगत दिनों मनबढो ने पीट पीट कर हत्या कर दी थी। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष डा प्रमोद कुमार सिंह सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ विशाल यादव के घर पहुंच कर परिजनों से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ढांढ़स बंधाया। अजय राय ने विशाल यादव के परिजनों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ खड़ी रहेगी, अपराधियों को सजा दिलाने तक न्याय की लड़ाई में हम सब साथ में हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों का हौसला बढ़ गया है, सरकार अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही करने की बजाय उन्हें संरक्षण देने लगी है, अजय राय ने कहा कि प्रदेश में रोज हो रही हत्याओं की घटना से लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, महिलाओं और लड़कियों के साथ बलात्कार की घटनाओं में बढ़ोत्तरी से प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट हो गयी है। अजय राय ने स्व. विशाल यादव के न्याय दिलाने के लिए सरकार से मांग करते हुए कहा कि परिवार के एक सदस्य को नौकरी और एक करोड रुपए मुआवजा दिया जाये एवं अपराधी कोई भी हो उसे हर हाल में सजा मिलनी चाहिए। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा प्रमोद कुमार सिंह, शहर अध्यक्ष आरिफ खान, इरशाद खान, विनय तिवारी, चंद्रशेखर निषाद, सन्दीप निषाद, अरुण शुक्ला, देवराज पांडेय, रामसिंह बांकुरे, कृष्णचंद निषाद, अभिनव सिंह साहिल, विकेश उपाध्याय विक्की, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रेखा सिंह, डा. राकेश मिश्र मंगला गुरु, मुहम्मद ताहिर, विजय कुमार प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

