जौनपुर। पूर्व विधायक स्व. रामकृष्ण उपाध्याय की 18वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 10 अक्टूबर को नगर के इंग्लिश क्लब में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस नेता एवं उनके पौत्र विकेश उपाध्याय ‘विक्की’ की पहल पर आयोजित होने वाले इस मेले में 50 से अधिक कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। आयोजकों के अनुसार अब तक करीब छह हजार युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
गुरुवार को सिविल लाइन स्थित तड़का बैंक्वेट हाल में पत्रकारों से बातचीत में विकेश उपाध्याय ने बताया कि ‘रोजगार संकल्प अभियान’ के तहत मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जिले के युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी और अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगी।
रोजगार मेले में रिसेप्शनिस्ट, फ्रंट डेस्क, बैंक कार्यालय, अकाउंटेंट, सेल्स, मार्केटिंग, नर्सिंग और अस्पताल स्टाफ सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। अलग-अलग शैक्षिक योग्यता और कौशल रखने वाले युवा इसमें भाग ले सकेंगे।
आयोजकों के मुताबिक रोजगार मेले को लेकर युवाओं में उत्साह है। अब तक करीब छह हजार अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं और आवेदन प्रक्रिया जारी है। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है और किसी अभ्यर्थी से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
सुबह 11 बजे से शुरू होगा मेला
रोजगार मेले का आयोजन 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से इंग्लिश क्लब में होगा। इच्छुक अभ्यर्थी क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9455803612 और 9415602860 पर संपर्क किया जा सकता है।
आयोजकों ने बताया कि पूर्व विधायक स्व. रामकृष्ण उपाध्याय की पुण्यतिथि पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने की यह पहल उन्हें श्रद्धांजलि देने का माध्यम है। मेले में युवाओं को विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संपर्क और चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
