नई दिल्ली/जौनपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन में जौनपुर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता नदीम जावेद भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी नेताओं के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में नदीम जावेद ने भी हिस्सा लिया।
कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान नदीम जावेद ने कहा कि लोकतंत्र की हिफाजत के लिए कांग्रेस की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार अपनी आवाज उठाती रहेगी।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं ने दिल्ली में प्रदर्शन किया, जिसके दौरान पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया था।


