Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : समर्पण सेवा संस्थान के भव्य डांडिया महोत्सव में झलकी भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा, 750 से अधिक लोग हुए शामिल

जौनपुर। समर्पण सेवा संस्थान की ओर से 24 अक्टूबर को बाजिदपुर तिराहा स्थित पालक मैरिज हॉल में भव्य फैमिली डांडिया महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 750 लोगों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति की सुंदर झलक देखने को मिली। मां दुर्गा की स्तुति एवं आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोगों ने गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया।

समर्पण सेवा संस्थान का यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से भारतीय संस्कृति और पारंपरिक लोककलाओं को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का संदेश भी दिया गया। आधुनिकता के दौर में ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक साथ डांडिया खेलकर आपसी प्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव का परिचय दिया।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से शाहगंज से पधारीं खुशबू जायसवाल जी डॉ. अंजू कनौजिया जी एवं डॉ. आकांक्षा त्रिवेदी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए निष्पक्ष एवं सराहनीय निर्णय दिए। महोत्सव के अंतर्गत बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांडिया लुक एवं नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार रखे गए। बेस्ट ड्रेस प्रतियोगिता में डॉ. प्रिया को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि मनमोहक नृत्य प्रस्तुति के लिए शालिनी जी ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

कार्यक्रम में समर्पण सेवा संस्थान के प्रबंधक  डॉ मिथिलेश श्रीवास्तव, संरक्षण मंडल से प्रदीप श्रीवास्तव, डॉ. प्रियंवदा, मृदुला श्रीवास्तव, सचिव आशीष श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष सोनी जायसवाल, मनीष श्रीवास्तव, असगर जी आदर्श सिंह, संजीत सिंह जी दिलीप जायसवाल एवं यामिनी सिंह पूजा श्रीवास्तव सहित अनेक सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अन्य संस्थाओं से जुड़े गणमान्य लोगों, समाजसेवियों और परिवारों की उपस्थिति ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधे रमन जी जेसीआई अध्यक्ष अंजनी प्रजापति जी शांत फाउंडेशन से कल्पना गुप्ता दीप्ति ji सुधीर श्रीवास्तव जी उमाकांत श्रीवास्तव सहित अनेक अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम का आकर्षक एवं प्रभावशाली संचालन अतुल जी और नूपुर जी ने किया। उनकी शानदार एंकरिंग ने पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग बनाए रखी। रंग-बिरंगी सजावट, आकर्षक मंच व्यवस्था, संगीत और पारंपरिक परिधानों से सजे प्रतिभागियों ने महोत्सव को यादगार बना दिया।

संस्था की संस्थापक अध्यक्ष ज्योति श्रीवास्तव ने कहा कि डांडिया और गरबा हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़े उत्सव हैं। मां दुर्गा की स्तुति और आरती के साथ ऐसे आयोजन करने का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, संस्कारों और परंपराओं को जीवंत रखना है। जब बच्चे और युवा पारंपरिक वेशभूषा में गरबा-डांडिया करते हैं, तो वे अपनी सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझते हैं और उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि समर्पण सेवा संस्थान भविष्य में भी सेवा, संस्कृति, सामाजिक एकता और महिला सशक्तीकरण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास करता रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में ज्योति श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल, सहयोगियों, संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों और उपस्थित परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया। सभी के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से समर्पण सेवा संस्थान का डांडिया महोत्सव उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक गौरव के साथ संपन्न हुआ।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad