Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : जिले में शान से लहराया तिरंगा, जश्ने आजादी की रही धूम

ध्वजारोहण कार्यक्रम में मौजूद उद्योगपति/बसपा नेता जुल्फिकार अहमद "गामा"

👉डीएम ने दिलाई पंचप्रण की शपथ, विभिन्न संगठनों के अलावा नेताओं ने भी दी सलामी

जौनपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर पूरा जनपद देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने ध्वजारोहण किया। तिरंगे को सलामी देने के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। इस दौरान पहली बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी किया गया। ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पंचप्रण की शपथ दिलाते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प दिलाया।

‘आजादी सिर्फ पर्व नहीं, बलिदान याद करने का दिन’

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन महान विभूतियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली।

उन्होंने ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ और ‘युवा शक्ति—विकसित भारत 2047’ की भावना पर जोर देते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बताया।

रील और नशे से दूर, राष्ट्र निर्माण से जुड़ें युवा

जिलाधिकारी ने युवाओं में बढ़ती नशे और तंबाकू की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की अपील की। साथ ही मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग पर जोर देते हुए युवाओं से रील और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल के बजाय शिक्षा, कौशल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि AI, मशीन लर्निंग और डिजिटल तकनीक आने वाले समय में प्रशासन और जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगी। अधिकारियों-कर्मचारियों को नई तकनीक सीखकर उसका इस्तेमाल अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने में करना चाहिए।

पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में पौधारोपण किया। रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली जनक कुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन आशीष त्रिपाठी ने किया।

इसके बाद जिलाधिकारी एवं अधिकारियों ने गांधी तिराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया।

वरिष्ठ बसपा नेता और उद्योगपति जुल्फिकार अहमद गामा ने फहराया तिरंगा

जौनपुर। शाहगंज विधानसभा के संभावित बसपा प्रत्याशी बसपा नेता और उद्योगपति जुल्फिकार अहमद गामा अनवार पब्लिक स्कूल गोधना में तिरंगा फहराकर सलामी दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा, देश के वीर शहीदों को याद करते हुए गामा ने कहाकि आज जो हम खुले आसमान में सांस ले रहे है उसकी देन हमारे सच्चे देशभक्त शहीद है। उन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया। 

गहना कोठी परिवार ने दी तिरंगे को सलामी

जौनपुर। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राजा जौनपुर के राजमहल में गहना कोठी के परिवार ने एक बार फिर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दिया है। 

सुबह-सुबह गहना कोठी का पूरा परिवार राजमहल पहुंच गया और इस परिवार ने माता की पूजा करने के साथ-साथ समय अनुसार तिरंगा लहरा कर पुष्प वर्षा किया। फार्म के संचालक विनीत कुमार सेठ अपने परिवार के साथ-साथ तीनों फार्मो पर कार्य करने वालो को भी परिवार से कम नहीं मानते इस लिए गहना कोठी कोतवाली चौराहा सद्भावना पुल और कलेक्ट्री कचेहरी तीनों संस्थानों के सभी लोग ध्वजारोहण के समय मौजूद रहे। 

तिरंगा लहराने के बाद राष्ट्रीय गान और सभी को मिष्ठान कराया गया इस मौके पर नगर के सम्भ्रांत लोग तथा इष्ट मित्र पत्रकार बंधु भी मौजूद रहे। गहना कोठी का यह परिवार सभी धार्मिक व सामाजिक कार्यों में हमेशा से बढ़कर चढ़ कर हिस्सा लेता रहा है और आशा की जाती है कि ईश्वर की कृपा रही तो हमेशा यह परिवार सामाजिक व धार्मिक कार्यों में लेता रहेगा।

जगह-जगह हुए विविध कार्यक्रम

गौराबादशाहपुर, जौनपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, नगर पंचायत और विकासखंड कार्यालयों में धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जगह-जगह ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान हुआ और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

वहीं नगर पंचायत जफराबाद में  भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। चेयरमैन प्रतिनिधि डॉक्टर सरफराज खान ने ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में नगर पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। वही कचगांव चेयरमैन फिरोज अहमद ने भी तिरंगा फहराकर सलामी दी और सभी को बधाई दी।




Tags

Top Post Ad

Below Post Ad