Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : जश्न-ए-आजादी में डूबा जौनपुर, शहीदों को किया नमन

👉हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली

जौनपुर। जनपद में आजादी की पूर्व संध्या पर जश्न में जौनपुर में डूबा रहा। विभिन्न सामाजिक व अन्य संगठनों के अलावा राजनैतिक दलों ने भी तिरंगा यात्रा निकालकर देश के शहीदों को नमन किया। इसी क्रम में शासन के निर्देश के क्रम में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जनपद में तिरंगा बाइक रैली का भव्य आयोजन किया गया।

 रैली का शुभारंभ राज्यमंत्री खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चंद्र यादव एवं विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंसु’ ने मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खडिय़ा की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर किया।

तिरंगा बाइक रैली में परिषदीय विद्यालयों के अध्यापक-अध्यापिकाओं सहित आम जनमानस ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर यातायात नियमों के पालन एवं स्वयं की सुरक्षा का संदेश दिया। शिक्षकों ने तिरंगा स्कूटी एवं बाइक पर हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया तथा वीर शहीदों को नमन करते हुए ‘भारत माता की जय’ के जयघोष किए। राष्ट्रप्रेम के नारों से पूरे मार्ग का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।

रैली के समापन अवसर पर माननीय राज्यमंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव एवं विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंसु’ ने कलेक्ट्रेट स्थित विकास भवन के समीप क्रांति स्तंभ पर पुष्प अर्पित किए तथा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि शासन के निर्देश पर संपूर्ण प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों की देशभक्ति, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन करना तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है।

 उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और उनके बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्हीं के संघर्ष और त्याग के कारण हमारा देश स्वतंत्र हुआ। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि शासन की मंशा के अनुरूप ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढक़र भागीदारी करें और राष्ट्रध्वज का सम्मान बनाए रखें।

माननीय विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसु’ ने कहा कि तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को तिरंगा सम्मान के साथ अपने घर पर लगाने के साथ ही यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि राष्ट्रध्वज को उतारने के बाद सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक रखा जाए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा बाइक रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम जनमानस में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करना है।

मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खडिय़ा ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिलाधिकारी महोदय के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। उन्होंने तिरंगा बाइक रैली में शामिल बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापक-अध्यापिकाओं, मीडिया बंधुओं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पुलिस प्रशासन एवं आम जनमानस के प्रति आभार व्यक्त किया। भव्य तिरंगा बाइक रैली ने जनपद में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, यातायात नियमों के पालन तथा शहीदों के सम्मान का सशक्त संदेश दिया।

देश के दर्दनाक इतिहास को याद कर दी गई श्रद्धांजलि

भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई जौनपुर द्वारा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में एक विचार संगोष्ठी एवं मौन जुलूस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1947 के विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वाले असंख्य निर्दोषों और बेघर हुए लाखों परिवारों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर से मौन जुलूस निकाला गया।

संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कृष्ण बिहारी राय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 को जहाँ एक ओर देश को स्वतंत्रता मिली, वहीं दूसरी ओर विभाजन का ऐसा दंश मिला जिसकी टीस आज भी हर भारतवासी के दिल में है। भारत का विभाजन केवल एक राजनीतिक निर्णय नहीं था, बल्कि लाखों-करोड़ों निर्दोष लोगों के विस्थापन, हिंसा और उत्पीडऩ की एक दर्दनाक कथा है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इस विभीषिका को याद करते हुए 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का जो संकल्प लिया है, वह उन अमर आत्माओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है जिन्होंने इस हिंसा में अपनी बलि दी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि इतिहास की गलतियों और निर्णयों से सीख लेकर ही हम एक सशक्त भारत की नींव रख सकते हैं।

 विभाजन के समय जिस प्रकार से हमारे पूर्वजों ने यातनाएं झेलीं, उनकी कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज की युवा पीढ़ी को यह जानना अत्यंत आवश्यक है कि देश की अखंडता और संप्रभुता के लिए हमारे पूर्वजों ने क्या कीमत चुकाई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि विभाजन का घाव ऐसा है जो कभी पूरी तरह नहीं भर सकता।

 यह दिन हमें यह याद दिलाता है कि आपसी सद्भाव, एकता और राष्ट्रवाद की भावना ही किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होती है। हमें एकजुट होकर भारत विरोधी ताकतों के मंसूबों को नाकाम करना होगा, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें यह अहसास कराता है कि हमारी स्वतंत्रता कितनी अनमोल है जौनपुर की देवतुल्य जनता और भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता उन सभी ज्ञात-अज्ञात अमर बलिदानियों को नमन करता है जिन्होंने उस त्रासदी में अपने प्राण गँवाए। हम सब संकल्प लेते हैं कि भारत की एकता, अखंडता और विविधता को अक्षुण्ण रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

इसी क्रम में, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित संस्था कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से जनपद में हर घर तिरंगा अभियान के तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत की गई। अभियान के तहत जिले के विभिन्न सीएससी केंद्रों पर राष्ट्रीय ध्वज वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सीएससी के जिला प्रबंधक अनुराग सिंह  ने बताया कि मंत्रालय के निर्देश के क्रम में जनपद के सभी सीएससी केंद्रों के माध्यम से तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में लगभग 50 सीएससी केंद्रों एवं आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज का वितरण किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

14 अगस्त को नईगंज में बाइक रैली कार्यक्रम आयोजित किया गया। जौनपुर क्षेत्र स्थित नईगंज जौनपुर के ष्टस्ष्ट मुख्यालय से वाजिदपुर तक बाइक रैली निकाली गई। रैली में मुख्य रूप से शिवम, प्रमेश , बादल, संतोष , शशि अनुज, अनिल सहित क्षेत्र के सभी सीएससी संचालकों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली बाइक रैली ने लोगों में देशभक्ति का संदेश दिया।

जिला प्रबंधक अनुराग सिंह  ने बताया कि 15 अगस्त को ध्वजारोहण के साथ सरकारी सेवाओं के संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सीएससी संचालकों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद में 2,000 से अधिक जनसेवा केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार हुआ है। अब लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, बैंकिंग, आधार सहित विभिन्न सेवाओं के लिए शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता है। ग्रामीण स्तर पर ही लोगों को अनेक सरकारी एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad