जौनपुर। वाराणसी क्षेत्र स्नातक एमएलसी पद के प्रत्याशी रंजीत यादव उर्फ माधव ने अपने पक्ष में मतदान की अपील को लेकर जनपद जौनपुर के कई महाविद्यालयों का दौरा कर शिक्षकों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों से जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने अपने चुनावी एजेंडे को लोगों के सामने रखते हुए समर्थन और मतदान की अपील की।
रंजीत यादव ने मुख्य रूप से तिलकधारी सिंह महाविद्यालय (टीडी कॉलेज), जौनपुर तथा मोहम्मद हसन पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में पहुंचकर शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर जनपद में विद्यालय और महाविद्यालयों की संख्या पर्याप्त है तथा कई संस्थानों की इमारतें भी बेहतर हैं, लेकिन विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं में अभी सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से छात्रावास और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद इन समस्याओं को सदन तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में प्रयास करेंगे।
जनसंपर्क के दौरान रंजीत यादव ने डॉ. राम आसरे सिंह, प्राचार्य टीडी कॉलेज जौनपुर, डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. गीता यादव और डॉ. विजय सिंह सहित शिक्षकों से मुलाकात की। इसके अलावा मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर तथा राजा श्री कृष्ण दत्त पीजी कॉलेज के प्राचार्य से भी संवाद किया।
उन्होंने राम प्रकाश, प्रवक्ता इंटर कॉलेज सुदनीपुर, जितेंद्र यादव ‘लालू’, श्रेयल यादव ‘नायक’, प्रियांशु यादव, शिवा, प्रतीक्षा पाल, अंशिका पाल, शैलेश यादव, हर्ष यादव और आकाश सिंह समेत कई लोगों से मुलाकात कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात कही।


