Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : छात्रों ने उठाए रोजगार, पेपर लीक और भर्ती में पारदर्शिता के सवाल

मड़ियाहूं, जौनपुर। नगर के एक मैरिज हॉल में मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. अनीत तीर्थराज सिंह के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूंज : संवाद एवं सहभागिता कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं की समस्याओं पर चर्चा हुई।

पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्त होने, विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई, अग्निवीर योजना, पुलिस भर्ती और बेरोजगारी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी वरुण चौधरी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। परीक्षा में अनियमितता या उसके निरस्त होने से अभ्यर्थियों का समय, धन और मेहनत प्रभावित होती है। इसलिए परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाना जरूरी है।

मुख्य अतिथि और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि रोजगार की मांग को लेकर आवाज उठाने वाले युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। भर्ती प्रक्रिया में देरी और अनिश्चितता से अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर पड़ता है। युवाओं ने सरकारी नौकरियों में समयबद्ध भर्ती, निष्पक्ष परीक्षा और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।

कार्यक्रम में युवाओं के दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए पलायन का मुद्दा भी उठा। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को अपने प्रदेश में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलने चाहिए, ताकि उन्हें नौकरी की तलाश में घर-परिवार से दूर न जाना पड़े। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बैंकों के राष्ट्रीयकरण, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, एनटीपीसी, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और मनरेगा जैसी योजनाओं को पार्टी की उपलब्धि बताया। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन योजनाओं को बेचने का काम कर रही है।

वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस सड़क से संसद तक युवाओं व छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं। शिक्षा के महंगा होने और उसके व्यवसायीकरण पर भी चिंता जताई गई। कार्यक्रम में ‘डिग्री हाथ में है, लेकिन नौकरी नहीं, तो जिम्मेदार कौन है?’ सवाल के जरिए युवाओं की चिंताओं को सामने रखा गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, भदोही जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी, अवनीश कुमार सिंह, डॉ. राकेश उपाध्याय सहित कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा और छात्र मौजूद रहे।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad