👉काशी क्षेत्र के 16 जिलों में संभालेंगे राष्ट्रीय सोशल मीडिया चुनाव प्रभारी का दायित्व, 2027 के चुनाव की तैयारियों को देंगे धार
जौनपुर। जनपद के लिए गौरव की बात है कि जौनपुर की माटी से जुड़े भाजपा के वरिष्ठ सोशल मीडिया नेता डॉ. रोहित उपाध्याय को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें राष्ट्रीय सोशल मीडिया चुनाव टीम में काशी क्षेत्र का राष्ट्रीय सोशल मीडिया चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी रणनीति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ डिजिटल मोर्चे पर भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में डॉ. रोहित उपाध्याय को काशी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 16 जिलों में सोशल मीडिया अभियान, डिजिटल रणनीति तथा संगठनात्मक समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। उनके कार्यक्षेत्र में वाराणसी महानगर, वाराणसी जिला, गाजीपुर, प्रतापगढ़, भदोही, जौनपुर, मछलीशहर, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रयागराज महानगर, प्रयागराज यमुनापार, प्रयागराज गंगापार, चंदौली, कौशांबी, मिर्जापुर और सोनभद्र शामिल हैं।
डॉ. रोहित उपाध्याय इससे पहले भी पार्टी की ओर से विभिन्न राज्यों में चुनावी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। चुनावी अभियानों में उनके अनुभव और संगठनात्मक कार्यशैली को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। उनकी नियुक्ति से काशी क्षेत्र में भाजपा के डिजिटल अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. रोहित उपाध्याय ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
जौनपुर से जुड़े डॉ. रोहित उपाध्याय की इस उपलब्धि को जनपद के राजनीतिक और संगठनात्मक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
