जौनपुर। सृष्टि के समस्त जीवों के शुभा शुभ कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की भव्य शोभायात्रा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जौनपुर में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ निकाली जाएगी। यह आयोजन 10 नवंबर 2026 मंगलवार को किया जाएगा। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला अध्यक्ष नीलमणि श्रीवास्तव और शोभायात्रा कार्यक्रम के संयोजक अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता कर आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
शोभायात्रा रूट और मुख्य आकर्षण
आयोजकों के अनुसार शोभायात्रा की शुरुआत मंगलवार को अपराह्न 3:00 बजे से टाउन हॉल नगर पालिका परिषद से होगी। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रूहट्टा स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर पर जाकर संपन्न होगी। यात्रा के समापन के पश्चात मंदिर परिसर में सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद भंडारा का भव्य आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम की एक नजर में जानकारी
दिनांक 10 नवंबर 2026 मंगलवार
समय अपराह्न 3:00 से
प्रारंभ स्थल टाउन हॉल नगर पालिका परिषद जौनपुर
यात्रा मार्ग टाउन हॉल, कोतवाली , चहारसू , ओलद गंज, चित्रगुप्त मंदिर रुहट्टा।
शोभा यात्रा का समापन व प्रसाद वितरण श्री चित्रगुप्त मंदिर रुहट्टा
लेखन कार्य से जुड़े लोगों से विशेष आवाहन
कार्यक्रम के संयोजक अंजनी श्रीवास्तव ने समाज के सभी वर्गों, विशेष कर पठन-पाठन और लेखन कार्य से जुड़े लोगों से इस पावन अवसर पर उपस्थित रहने का आवाहन किया है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति विद्या और कलम से जुड़ा है उन्हें लेखनी के अधिष्ठाता भगवान श्री चतुर्भुज श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा अर्चना अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने जनपद के सभी कलम के सिपाहियों,पत्रकारों, वकीलों, शिक्षकों, साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों से विशेष अनुरोध किया है कि वह अधिक से अधिक संख्या में इस भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और भगवान श्री चित्रगुप्त जी का आशीर्वाद प्राप्त कर पुण्य के भागी बनें।
